जीन्द में पुलिस की बदमाशों के साथ मुठभेड़, 2 बदमाश को टांग में लगी गोली
एक सप्ताह पहले टोल व बीज की दुकान पर की थी फायरिंग, 50 लाख की मांगी थी फिरौती
Jind Crime : जींद में टोल प्लाजा और बीज की दुकान पर फायरिंग करने और फैक्ट्री मालिक से 50 लाख की फिरौती मांगने वाले बदमाशों के साथ पुलिस की मुठभेड़ हो गई। इसमें 2 बदमाश के टांग में गोली लगी है। घायल को जीन्द के सिविल अस्पताल में उपचार के लिए लाया गया है।
गौरतलब है कि 27 मई की रात को बाइक सवार दो युवकों ने बरसोला में फैक्टरी संचालक से 50 लाख की फिरौती मांगी और फैक्ट्री के बाहर फायरिंग कर के भाग गए थे। यहां से आरोपी आठ बजे के करीब खटकड़ टोल प्लाजा पर बाइक सवार दो युवक आए। दोनों ने टोपी पहनी थी और मुंह पर मास्क लगाया हुआ था।

यहां तीन हवाई फायर करते हुए बाइक सवार यहां से उचाना की तरफ भाग गए। दोनों नकाबपोश 8 बजकर 32 मिनट पर उचाना मंडी में बालाजी बीज भंडार की दुकान के आगे पहुंचे। यहां दोनों ने बाइक रोकी और पीछे बैठे युवक ने बाइक पर बैठे-बैठे ही दुकान पर फायरिंग कर दी। गोलियां दुकान के शीशे में जाकर लगी। इसके बाद बाइक सवार नीचे उतरा और गन हालते हुए दुकानदार को धमकी दी। इसके बाद दोनों फरार हो गए।
दुकान मालिक सुरेंद्र गर्ग ने बताया कि वह रोजाना की तरह दुकान पर बैठे थे। उनकी किसी से कोई कहासुनी नहीं हुई थी। हमलावरों के चेहरे ढके हुए थे। फायरिंग की सूचना मिलते ही SP कुलदीप सिंह, डीएसपी संजय और उचाना थाना प्रभारी तथा चौकी इंचार्ज मौके पर पहुंचे थे। SP के निर्देश पर सीआईए पुलिस आरोपियों की धरपकड़ के लिए छापेमारी कर रही थी। मंगलवार दोपहर को सीआईए पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई।





