Haryana

हरियाणा के जींद में रूकवाया बाल विवाह, शादी की नहीं थी उम्र, लड़की 17 की, लड़का 21 का, दी चेतावनी

लड़के के परिवार वालों से लड़के के जन्म से संबंधित कागजात मांगे। स्वजनों ने पहले तो टालमटोल करने की कोशिश की

Jind Child Marriage : बाल विवाह निषेध अधिकारी कार्यालय टीम ने शनिवार को रोहतक रोड पर कम उम्र के युवक की शादी को रुकवाया है। बाल विवाह निषेध अधिकारी सुनीता को सूचना मिली थी कि रोहतक रोड पर एक नाबालिग की शादी की तैयारी हो रही है और लड़के की बारात हिसार जिले के नारनौंद जाने के लिए तैयार खड़ी है।

इस पर सहायक बाल विवाह निषेध अधिकारी रवि लोहान, हेड कांस्टेबल ओमप्रकाश, महिला कांस्टेबल आरती, नीलम के साथ मौके पर विवाह स्थल पर पहुंचे। लड़के के परिवार वालों से लड़के के जन्म से संबंधित कागजात मांगे। स्वजनों ने पहले तो टालमटोल करने की कोशिश की और शादी नहीं होने की बात कही, लेकिन जब मौके पर अन्य मौजिज व्यक्तियों को बुलाया गया तो लगभग दो घंटे के बाद जो सबूत दिखाए गए, उनमें लड़के की उम्र 18 साल मिली, जबकि शादी के लिए युवक की उम्र 21 साल होनी चाहिए। उसकी शादी जिस लड़की से होने वाली थी, उस लड़की की उम्र भी 16 साल से कम निकली।

इस पर उसके स्वजनों ने बताया कि लड़के के पिता नहीं हैं और मां भी बीमार रहती है। उन्हें कानून की कोई जानकारी नहीं है। वह गलती से ऐसा कर रहे थे। इस पर परिजनों को समझाया गया कि आपका लड़का अभी 21 वर्ष से कम है, इसलिए आप उसके बालिग होने तक का इंतजार करें, ताकि कोई कानूनी अड़चन नहीं आए। इसके बावजूद भी अगर आप नाबालिग लड़के की शादी करते हैं, तो आप सभी के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस पर परिवार सहमत हो गया तथा शादी को स्थगित कर दिया गया। परिवार द्वारा महिला संरक्षण एवं बाल विवाह निषेध विभाग के अधिकारियों को लिखित बयान दिए गए कि वह कानून की पालना करेंगे तथा बच्चों के बालिग होने पर ही उसकी शादी करेंगे।

Related Articles

Back to top button